
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। ऐतिहासिक राजा पहाड़ी शिव मंदिर के समग्र विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर राजा पहाड़ी शिव मंदिर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू ने सोमवार को क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव एवं उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा को आठ सूत्री मांग पत्र सौंपा।
रजनीकांत मधुर ने बताया कि राजा पहाड़ी शिव मंदिर गढ़वा जिले का प्रमुख धार्मिक और आस्था का केंद्र है। सावन, महाशिवरात्रि और अन्य धार्मिक अवसरों पर यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद मंदिर परिसर और पहुंच मार्ग पर कई जरूरी सुविधाओं का अभाव है।
दिए गए ज्ञापन में उन्होंने बताया है कि राजा पहाड़ी के नीचे गेट से मंदिर तक शेड और सुरक्षा रेलिंग का निर्माण, सड़क व पेवर ब्लॉक, स्ट्रीट लाइट, शुद्ध पेयजल, राजा पहाड़ी पर निर्मित हनुमान मंदिर रोड का निर्माण, बैठने के लिए बेंच, आकर्षक प्रवेश द्वार, आधुनिक पार्क, बैल बाजार मोड से राजा पहाड़ी मंदिर तक दोनों तरफ स्ट्रीट लाइट का निर्माण, बैल बाजार मोड एवं डॉ. सिद्धनाथ गली के पास आकर्षक गेट निर्माण, राष्ट्रीय ध्वज स्थल, आई लव राजा पहाड़ी सेल्फी प्वाइंट तथा फूलों की बागवानी जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग की गई है।
रजनीकांत माधुर ने ने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी और राजा पहाड़ी शिव मंदिर धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में भी नई पहचान बना सकेगा।
समिति के पदाधिकारियों ने विधायक और उपायुक्त से जनहित को देखते हुए मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंदिर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास से क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन महत्व को नई दिशा मिलेगी।





