
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। झारखंड के निर्माता एवं पद्मभूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को पथ प्रमंडल विभाग परिसर में श्रद्धांजलि सभा सह गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधायक अनंत प्रताप देव ने स्वर्गीय गिरवर पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित और दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “दिशोम गुरु अमर रहें” और “जब तक सूरज-चांद रहेगा, तब तक दिशोम गुरु का नाम रहेगा” जैसे नारों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने झारखंड की पहचान, सम्मान और आदिवासी समाज को मुख्यधारा से जोड़ने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका संघर्ष और विचार आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु के सपनों का झारखंड बनाने के लिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास, सम्मान और न्याय पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके बताए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर विधायक ने महिलाओं को साड़ी तथा पुरुषों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में झामुमो जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, कमाता प्रसाद, सूर्यदेव मेहता, निर्मल पासवान, मुकेश सिंहा, प्रखंड अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय, शहरी प्रखंड अध्यक्ष अजय प्रसाद, झारखंड युवा मोर्चा के शहरी अध्यक्ष रजनीकांत मधुर, तस्लीम खान, जिला परिषद सदस्य बाला रानी, झामुमो नेत्री किरण कुमारी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष संध्या देवी, महमूद आलम, गोपाल चंद्रवंशी, सोहन उरांव, विनय ठाकुर, छोटन सिंह, राणा सिंह, मनोज पासवान, शुभम प्रकाश, अमर राम, देवेंद्र चौबे, बंगाली सिंह, पप्पू सिंह सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।





