
रांची: झारखंड में मानसून का असर गुरुवार को भी बरकरार रहेगा। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने राज्य के छह जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। रामगढ़ जिले के पतरातू में सबसे अधिक 190 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दक्षिणी झारखंड और कोल्हान क्षेत्र के कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति भी देखने को मिल रही है। 19 अगस्त को कोल्हान क्षेत्र में बारिश का प्रभाव खास तौर पर अधिक रहा। पश्चिमी सिंहभूम के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि चाईबासा और आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहा। इससे कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 अगस्त को झारखंड में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 22 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड में कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। 23 अगस्त को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी झारखंड में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है। वहीं, 24 और 25 अगस्त को राज्य के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान मानसून के सक्रिय बने रहने की संभावना है।






