
गढ़वा: 15 से 18 अगस्त तक वाराणसी के प्रतापगढ़ स्थित न्यू एंजल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित सीबीएसई जोनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में एनपीएस गुरुकुलम, गढ़वा की छात्रा श्रेयांशी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ श्रेयांशी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है।
कक्षा 8 की छात्रा श्रेयांशी कुमारी ने 50 से 52 किलोग्राम भार वर्ग में एनपीएस गुरुकुलम का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

श्रेयांशी की इस उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक नवनीत कुमार सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को निखारने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विद्यालय का उद्देश्य देश के लिए बेहतर खिलाड़ी तैयार करना है, जिसका परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेगा।

विद्यालय के प्रिंसिपल ने भी श्रेयांशी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं को हर क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों का सर्वांगीण विकास और स्किल डेवलपमेंट विद्यालय की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है।

वहीं, विद्यालय के शारीरिक शिक्षक गौतम कुमार ने श्रेयांशी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसे आशीर्वाद दिया और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्रेयांशी की इस सफलता से विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं और साथी विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अब श्रेयांशी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।







