
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जमशेदपुर एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। बंदगांव थाना प्रभारी सह सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते एसीबी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, बंदगांव थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े एक मामले में आरोपी का नाम हटाने के एवज में थाना प्रभारी मनीष कुमार ने 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत मांगे जाने से परेशान संबंधित व्यक्ति ने इसकी शिकायत जमशेदपुर एसीबी से की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने आरोपी पुलिस अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर मनीष कुमार के पास पहुंचा। जैसे ही उन्होंने 15 हजार रुपये की रिश्वत की रकम ली, पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी सब इंस्पेक्टर को अपने साथ जमशेदपुर ले गई।






