
पलामू :जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को निशाना बनाते हुए देर रात फायरिंग कर दी। रजडेरवा इलाके में NHAI के निर्माणाधीन सड़क स्थल पर हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। गोलीबारी में वहां सो रहे दो मजदूरों के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि वारदात रात करीब 12 बजे हुई। निर्माण स्थल पर मजदूर आराम कर रहे थे, तभी अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। फायरिंग के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस को मौके से चार खोखे भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
घायल दोनों मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
इधर, वारदात के बाद पुलिस ने अपराधियों की तलाश में आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। निर्माण स्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन जारी है। फायरिंग के कारणों का पता लगाने के साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।





