
रांची: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है।
शनिवार यानी 22 अगस्त को राज्य में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, हालांकि कुछ इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है। कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
23 अगस्त को इन छह जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त को झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
24 और 25 अगस्त को भी बारिश के साथ तेज हवा
24 और 25 अगस्त को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है। राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात हो सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।






