
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर लोहरदा पंचायत के एस मोड़ के पास युवती निर्वस्त्र और गंभीर हालत में मिली। गांव की कुछ महिलाएं सुबह शौच के लिए निकली थीं, इसी दौरान उनकी नजर युवती पर पड़ी। युवती की हालत देखकर महिलाओं ने उसके शरीर को कपड़े से ढका और तत्काल उसकी मदद की।
ग्रामीणों के मुताबिक, युवती ठीक से बोलने और चलने की स्थिति में नहीं थी। वह काफी परेशान और असहाय नजर आ रही थी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को अपने साथ चाईबासा ले गई। बाद में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती को चाईबासा से तीन-चार लोग कथित तौर पर जबरन कार में बैठाकर एस मोड़ की ओर लेकर आए थे। आरोप है कि रास्ते में या एस मोड़ के पास उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद युवती को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
लोहरदा पंचायत की सहिया लक्ष्मी जामुदा ने बताया कि जब ग्रामीणों ने युवती को देखा तो वह चलने-फिरने की स्थिति में नहीं थी। पूछताछ के दौरान युवती ने कथित तौर पर बताया कि उसे चाईबासा से तीन-चार लोग जबरन कार में बैठाकर लाए थे। सहिया ने आशंका जताई कि युवती को नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया होगा, जिसके बाद उसके साथ गलत किया गया।
मुफस्सिल थाना पुलिस के अनुसार, युवती की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है और उसका इलाज पहले से चल रहा है। वह मंझारी थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने उससे पूछताछ करने की कोशिश की, लेकिन वह स्पष्ट रूप से पूरी घटना की जानकारी नहीं दे पा रही है।




