
चंडीगढ़: चंडीगढ़ को दहलाने की एक बड़ी साजिश का पुलिस ने समय रहते पर्दाफाश किया है। रविवार देर रात सेक्टर-43 स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड (ISBT) के पीछे जंगलनुमा इलाके से एक संदिग्ध बैग बरामद किया गया। तलाशी के दौरान बैग से आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को खुफिया सूत्रों से इनपुट मिला था कि कुछ संदिग्ध लोग विस्फोटक सामग्री के साथ चंडीगढ़ में दाखिल हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की कई टीमों ने सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे स्थित जंगल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक लावारिस बैग संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला।
संदिग्ध बैग मिलने के बाद इलाके को सुरक्षित कर बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों की मौजूदगी में बैग की जांच की गई, जिसके बाद उसमें IED और विस्फोटक सामग्री होने की पुष्टि हुई। राहत की बात यह रही कि बरामद IED उस समय सक्रिय नहीं था। इससे किसी तत्काल विस्फोट की आशंका टल गई।
पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री में करीब 5 किलो जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर, पावर सोर्स, कनेक्टिंग वायर और बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में इस मामले के तार सीमा पार तक जुड़े होने की आशंका सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी आतंकी सतनाम सत्ता नौशेरा के संपर्क में थे। जांच एजेंसियों को आशंका है कि पूरी साजिश पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर तैयार की गई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से निर्देश मिल रहे थे। इन्हीं निर्देशों के आधार पर उन्होंने विस्फोटक सामग्री और हथियार जुटाए थे। पुलिस को शक है कि चंडीगढ़ में किसी बड़े सार्वजनिक स्थान को निशाना बनाने की तैयारी थी।
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से दो तरनतारन जिले के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा आरोपी अमृतसर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने थाना-36 में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, हथियार और विस्फोटक की सप्लाई के स्रोत तथा पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से संपर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों ने चंडीगढ़ में किसी अन्य स्थान की रेकी की थी या नहीं और इस नेटवर्क में इनके साथ और कितने लोग जुड़े हुए हैं।




