
गढ़वा: गढ़वा जिले के डंडई प्रखंड अंतर्गत करके गांव के यादव टोला में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब मकई के खेत से 35 वर्षीय राजेंद्र यादव का शव बरामद किया गया। शव घर से महज करीब 50 फीट की दूरी पर खेत में पड़ा था। मृतक के सिर और पैर पर चोट के निशान पाए जाने के बाद घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है।
मृतक की पहचान राजेंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राजेंद्र रविवार शाम करीब चार बजे से लापता था। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को कुछ ग्रामीण महिलाएं खेत की ओर घास काटने गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर मकई के खेत में पड़े राजेंद्र के शव पर पड़ी। शव देखते ही महिलाओं ने इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी।
जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद मामले की सूचना डंडई थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए पलामू से खोजी कुत्ता भी मंगाया। पुलिस टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके शरीर पर चोट के निशान कैसे आए, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, राजेंद्र यादव की पत्नी का कुछ वर्ष पहले ही निधन हो गया था। इसके बाद वह खेती-बाड़ी और मजदूरी कर अपनी दोनों बेटियों की परवरिश कर रहा था। राजेंद्र की मौत के बाद दोनों नाबालिग बच्चियों के सिर से अब माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। पिता की मौत की खबर के बाद दोनों बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में भी शोक का माहौल है।
फिलहाल डंडई थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है।







