
जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के गोलमुरी चौक के समीप सड़क पर डिवाइडर निर्माण की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे बजरंग सेवा संस्थान के अध्यक्ष धर्मवीर कुशवाहा समेत अन्य युवाओं से विधायक पूर्णिमा साहू ने धरनास्थल पर पहुंचकर मुलाकात की।

विधायक ने युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुना और जनसुरक्षा से जुड़े इस मामले में तत्काल पहल का आश्वासन दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तत्काल जिला उपायुक्त एवं ट्रैफिक डीएसपी से दूरभाष पर बातचीत कर गोलमुरी चौक पर यातायात सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण भी किया।
स्थायी डिवाइडर के निर्माण में लगने वाले समय को देखते हुए तत्काल प्रभाव से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में पहल की गई। विधायक के आग्रह पर गोलमुरी चौक से गोलचक्कर तक बैरिकेडिंग की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से तत्परता से कराई गई। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और दुर्घटना की आशंका को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने स्थायी समाधान के लिए जिला उपायुक्त, ट्रैफिक डीएसपी और टाटा स्टील यूआईएसएल प्रबंधन से समन्वय कर गोलमुरी चौक के समीप स्थायी डिवाइडर निर्माण कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
वहीं, विधायक ने भूख हड़ताल पर बैठे युवाओं से भी अपील की कि प्रशासन की ओर से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की पहल किए जाने के बाद वे अपना अनशन समाप्त करें और समाजहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
विधायक ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए वह आगे भी संबंधित विभागों एवं प्रशासन के साथ लगातार समन्वय करती रहेंगी।





