
नई दिल्ली: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के तहत आने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। ESIC की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए अब लाभार्थियों को अपने आधार को ESIC रिकॉर्ड से लिंक यानी सीड कराना होगा। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने इसकी जानकारी साझा की है।
मंत्रालय के मुताबिक, सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 की धारा 142 के तहत ESIC लाभार्थियों के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया गया है। सरकार का कहना है कि आधार सीडिंग से लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ ESIC की सेवाओं तक उनकी पहुंच को आसान बनाने में मदद मिलेगी।

ESIC लाभार्थियों को आधार लिंक कराने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। इसे ESIC के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए पूरा किया जा सकता है। आधार सीडिंग के लिए लाभार्थी को अपने ESIC अकाउंट में लॉगिन करना होगा और OTP के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करना होगा।
आधार लिंक करने का स्टेप-बॉय-स्टेप प्रोसेस
1. सबसे पहले ESIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
2. ‘Insured Persons and Beneficiaries’ सेक्शन में लॉगिन करें।
3. अपना यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज करें।
4. लॉगिन करने के बाद ‘Aadhaar Seeding for IP’ विकल्प चुनें।
5. सूची में अपना नाम खोजें और आधार लिंक करने का विकल्प चुनें।
6. अपना आधार नंबर दर्ज करें।
7. आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP दर्ज करके ऑथेंटिकेशन पूरा करें।
8. रिक्वेस्ट सबमिट करने के बाद मिलने वाले रेफरेंस नंबर को सुरक्षित रखें।
9. वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद आधार आपके ESIC रिकॉर्ड से लिंक हो जाएगा।
आधार लिंक करते समय इस बात का रखें ध्यान
आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आधार में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का चालू होना जरूरी है। क्योंकि ऑथेंटिकेशन के दौरान इसी मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा। इसलिए आधार लिंक करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपका मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा हुआ है और आपके पास उपलब्ध है।







