
जमशेदपुर। विद्युत विभाग की ओर से लाइन के निवारक रखरखाव कार्य के कारण शनिवार, 12 सितंबर 2026 को करनडीह विद्युत आपूर्ति अवर-प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विभाग के अनुसार 11 केवी बागबेड़ा-1 फीडर में हरहरगुट्टू स्वास्थ्य केंद्र के आसपास लाइन का आवश्यक रखरखाव किया जाएगा।
रखरखाव कार्य के चलते संबंधित फीडर से बिजली आपूर्ति सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक करीब चार घंटे बंद रहेगी। इस दौरान उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा।
ये इलाके रहेंगे प्रभावित
बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी रोड नंबर 5 एवं 6, कृष्णापुरी, हरहरगुट्टू बाजार, सीपी टोला काली मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने की सूचना दी गई है।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए बिजली से जुड़े जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें। रखरखाव पूरा होने के बाद आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।



