
सोनितपुर: असम के सोनितपुर जिले में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। रंगापारा थाना क्षेत्र के बालीपारा के पास मीट चापली में पेट्रोल पंप के समीप कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार पांचों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकालकर कब्जे में लिया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतकों की पहचान हर गोबिंदा हाजोआरी, नयन स्वर्गीयारी, पप्पू बोरा, प्रांजल बनिया और संजय मेच के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी युवक सोनितपुर जिले के घोरामारी-बताबाड़ी इलाके के रहने वाले थे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना किस वजह से हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस टक्कर के कारणों का पता लगाने के साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाने और चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।





