
रांची: झारखंड में रविवार को मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक, आंधी और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। मौसम में इस बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज रांची, हजारीबाग, पलामू, दुमका, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, चतरा, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, गिरिडीह, गुमला और लातेहार में तेज बारिश और वज्रपात के साथ आंधी की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में भी स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, बाकी जिलों में छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बारिश के दौरान कई जगहों पर वज्रपात का खतरा भी बना रह सकता है।
खराब मौसम में इन बातों का रखें ध्यान
आंधी, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम खराब होने पर खुले मैदान, ऊंचे स्थान, पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य संवेदनशील स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। बारिश और आंधी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से भी बचना बेहतर होगा।





