
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में शनिवार देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अदलपुर गांव में अज्ञात बदमाशों ने ‘हिंदू पुत्र संगठन’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव ब्रह्मर्षि के घर को निशाना बनाकर करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने घर के मुख्य गेट और खिड़कियों की ओर फायरिंग की। गोलियां चलाने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में भय का माहौल बन गया।
मौके से मिले 10 खोखे
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से 10 खोखे बरामद किए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसएसपी शुभांक मिश्रा भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ-साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है।
सीतामढ़ी में भी हुई थी गोलीबारी में हत्या
गौरतलब है कि शनिवार को ही बिहार के सीतामढ़ी जिले में भी गोलीबारी की एक गंभीर घटना सामने आई थी। डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले जिला परिषद सदस्य के पति और प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
एक ही दिन बिहार के अलग-अलग इलाकों में हुई इन वारदातों ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि वैशाली की घटना में पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फायरिंग के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और हमलावर कौन थे।





