
इंफाल: मणिपुर में हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य के तामेंगलोंग और नोनी जिलों में रविवार को दो अलग-अलग संदिग्ध उग्रवादी हमलों ने दहशत पैदा कर दी। दोनों घटनाओं में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पहली वारदात तड़के करीब 4 बजे हुई, जबकि दूसरी घटना लगभग 12 घंटे बाद दोपहर में सामने आई।
तामेंगलोंग में घर पर हमला, दंपती की मौत
पहली घटना तामेंगलोंग जिले में इंफाल-जिरीबाम नेशनल हाईवे-37 के पास स्थित टोल्लेन कुकी गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के संदिग्ध उग्रवादियों ने एक घर को निशाना बनाकर हमला किया।
हमले में लिंगनगाई सिंगसिट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति सेइनैह सिंगसिट और नवजात बच्चा घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बल गांव पहुंचे और घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।
गंभीर रूप से घायल सेइनैह सिंगसिट को इलाज के लिए असम के सिलचर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना में दंपती की मौत से इलाके में तनाव का माहौल है।
नोनी में हथियारबंद हमलावरों ने दो लोगों को मारी गोली
दूसरी घटना नोनी जिले में नोंगबा थाना क्षेत्र के लॉन्गपी गांव में रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, हथियारबंद संदिग्ध उग्रवादियों ने यहां एक महिला और एक पुरुष को गोली मार दी।
गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान जूली गंगटे और आर. गंगटे के रूप में हुई है।
दोनों घटनाओं के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई
एक ही दिन में दो अलग-अलग जिलों में हुई इन हिंसक घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों ने घटनास्थलों के आसपास तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमलों के पीछे कौन-सा उग्रवादी समूह है और वारदात को किस वजह से अंजाम दिया गया, इसकी जांच की जा रही है।




