{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चंदेरी थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार मासूम भाइयों की मौत हो गई। चारों बच्चे घर के पास खेत की ओर बने पानी से भरे गहरे गड्ढेनुमा कुएं में डूब गए। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।
मृतकों की पहचान बलवीर कुशवाहा के बेटों देव (9), त्रिवेद (7), महादेव (6) और प्रियांश (4) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त चारों भाई घर पर अकेले थे। बच्चों के पिता रोज की तरह मजदूरी और खेत के काम के लिए सुबह करीब नौ बजे घर से निकल गए थे, जबकि उनकी मां रिश्तेदारी के सिलसिले में बिहार गई हुई थीं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब नौ बजे चारों भाई घर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते वे घर के पास बने कुएं तक पहुंच गए। इसी दौरान एक बच्चा पानी में गिरा और उसे बचाने के प्रयास में या एक-दूसरे के पीछे जाते हुए बाकी तीनों भाई भी कुएं में गिर गए। करीब पांच घंटे तक किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
दोपहर करीब दो बजे बच्चों के ताऊ सोमसिंह वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुएं के पानी में तैर रहे सबसे छोटे बच्चे प्रियांश पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी और कुएं में बच्चों की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान प्रियांश के अलावा देव, त्रिवेद और महादेव के शव भी कुएं से बरामद किए गए। चारों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही चंदेरी थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद चारों बच्चों के शवों को चंदेरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के पैनल ने शवों का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
एक साथ चार बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, विक्रमपुर गांव में भी शोक की लहर है और हर आंख नम है।
हादसे की जानकारी सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए मासूम बच्चों की मौत को बेहद पीड़ादायक बताया।







