
रांची: राजधानी रांची के सैटेलाइट चौक के पास बुधवार को एचईसी की जमीन से अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान जमकर बवाल हो गया। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना में प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने मौके से आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन की टीम सुबह से ही मौके पर मौजूद थी। किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारी लगातार लोगों से बातचीत कर अभियान में सहयोग करने की अपील कर रहे थे। हालांकि, कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया।
जेसीबी के सामने बैठ गए प्रदर्शनकारी
विरोध कर रहे कई लोग अतिक्रमण हटाने पहुंची जेसीबी के सामने बैठ गए और कार्रवाई रोकने की कोशिश करने लगे। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी जेसीबी पर भी चढ़ गए। पुलिस ने उन्हें नीचे उतारने का प्रयास किया। इसी बीच मौके पर तनाव बढ़ गया और प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव शुरू हो गया।
पथराव के दौरान कई महिला पुलिसकर्मी भी गिर गईं। हालात बिगड़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध कर रहे लोग ‘बस्ती बचाओ संघर्ष समिति’ के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले करीब दो दशकों से इस इलाके में रहकर गुजर-बसर कर रहे हैं। उनका आरोप है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के मकानों को ध्वस्त किए जाने से 200 से अधिक परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि उन्हें हटाने से पहले सरकार या प्रशासन रहने के लिए दूसरी जमीन अथवा पुनर्वास की ठोस व्यवस्था करे। उनका कहना है कि जब तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
अभियान के दौरान कई परिवारों का सामान सड़कों पर बिखरा नजर आया। मकानों को हटाए जाने के बीच कई लोग अपने सामान को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश करते दिखे। कुछ परिवार अपने टूटते घरों को देखकर भावुक नजर आए।
इधर, इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन की ओर से बस्ती को खाली कराने का अभियान जारी है।





