
जमशेदपुर/गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई। उषा मोड़ के पास बाइक सवार तीनों किशोरों को पीछे से एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, तीनों किशोर जमशेदपुर के कदमा इलाके में गणेश पूजा का मेला देखने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उषा मोड़ के समीप पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि रात का समय होने के कारण घायल काफी देर तक सड़क पर ही पड़े रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें
पुलिस के अनुसार हादसे में तीनों किशोरों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से निकल गया।
मृतकों की पहचान गम्हरिया कोचापाड़ निवासी कृष्णा पाल (16), पोयलाडीह निवासी मोहित लोहार (16) और मंगल गोप (15) के रूप में हुई है। बताया गया है कि तीनों पंडालों में डेकोरेशन का काम करते थे।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही तीनों किशोरों के परिजन एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। एक साथ तीन किशोरों की मौत की खबर से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
इधर, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास उपलब्ध संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।






