
नई दिल्ली: राष्ट्रीय OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नई दिल्ली में महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि देश में होने वाली जातीय जनगणना में OBC के लिए अलग से कॉलम बनाया जाए। मोर्चा का कहना है कि जब तक OBC की आबादी की अलग से गणना नहीं होगी, तब तक पिछड़े वर्ग को उसकी जनसंख्या के अनुपात में अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित नहीं हो सकेगा।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को संबंधित मंत्रालय एवं प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाएंगी।
यह मुलाकात मोर्चा के पिछले पांच दिनों से चल रहे दिल्ली अभियान के तहत हुई। अभियान के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, जनगणना आयुक्त और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से भी मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न राज्यों के OBC मोर्चा के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी सुरेश ठाकुर, रविंद्र लाल यादव, इंद्रदेव ठाकुर, शिव प्रसाद साहू, रवि कुमार, विजय साव, विनोद गोप, शुभम गुप्ता और शिवेंद्र राणा समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने डीएमके के राज्यसभा सांसद पी. विल्सन को डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन के नाम तथा जदयू के राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद खान को जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के नाम ज्ञापन सौंपा।






