
जमशेदपुर: आरटीआई कार्यकर्ता संघ, केन्द्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस में संघ के अध्यक्ष श्री दिल बहादुर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में संगठन के विस्तार, आरटीआई कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों को सूचना का अधिकार सुनिश्चित कराने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी 12 अक्टूबर को आरटीआई दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर सदस्यों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष श्री दिल बहादुर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति नहीं किए जाने के कारण राज्य सूचना आयोग के कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विशेष रूप से द्वितीय अपीलों की सुनवाई प्रभावित होने से सूचना प्राप्त करने वाले आम नागरिकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
श्री दिल बहादुर ने कहा कि सूचना का अधिकार लोकतंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जब किसी नागरिक को जन सूचना पदाधिकारी अथवा प्रथम अपीलीय पदाधिकारी के स्तर से अपेक्षित सूचना नहीं मिलती है, तो उसके लिए द्वितीय अपील का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि अविलंब मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति की जाए तथा राज्य सूचना आयोग को पूरी क्षमता के साथ क्रियाशील किया जाए, ताकि लंबित द्वितीय अपीलों की सुनवाई हो सके और नागरिकों को समय पर सूचना प्राप्त हो।
संघ के केन्द्रीय महासचिव श्री कृतिवास मंडल ने कहा कि आयोग में द्वितीय अपीलों की सुनवाई प्रभावी रूप से नहीं होने के कारण कई मामलों में सूचना मांगने वाले नागरिकों को अनावश्यक विलंब और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार कानून को प्रभावी बनाए रखने के लिए आयोग का नियमित एवं सशक्त संचालन आवश्यक है।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि राज्य सूचना आयोग को अविलंब पूर्ण रूप से क्रियाशील किया जाए तथा लंबित द्वितीय अपीलों के निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को सूचना प्राप्त करने के अपने वैधानिक अधिकार के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 12 अक्टूबर को आयोजित होने वाले आरटीआई दिवस कार्यक्रम को व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से आम नागरिकों को सूचना का अधिकार, आवेदन प्रक्रिया, प्रथम अपील एवं द्वितीय अपील सहित आरटीआई कानून से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से उपाध्यक्ष पूर्वी घोष, सदन ठाकुर, सचिव दिनेश कर्मकार, सुशेन गोप, विश्वजीत महंतों, सुलोचना देवी, मनोरंजन महांती, सुनील कुमार प्रसाद, रिसेन्दु केसरी, कांग्रेस महतो, रंजित सिंह, चन्द्रशेखर रजक सहित अन्य आरटीआई कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित थे।
भवदीय
कृतिवास मंडल
केन्द्रीय महासचिव
आरटीआई कार्यकर्ता संघ




