
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। नगर ऊंटारी थाना में गुरुवार को अविनाश राज ने 47वें थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। वर्ष 2018 बैच के पुलिस पदाधिकारी अविनाश राज इससे पूर्व गढ़वा थाना में पदस्थापित थे। पदभार ग्रहण करने के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद थाना प्रभारी अविनाश राज ने कहा कि थाना क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी। पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव का माहौल कायम रहे।
उन्होंने कहा कि थाना हर आम नागरिक के लिए खुला है। किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या रखने में संकोच नहीं करना चाहिए। लोग सीधे थाना पहुंचकर अपनी शिकायत एवं समस्याएं साझा करें, उनका नियमानुसार निष्पक्षता के साथ समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
14 माह के कार्यकाल में उपेंद्र कुमार ने बनाई अलग पहचान
इधर, नगर ऊंटारी थाना में करीब 14 माह के कार्यकाल के दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार की कर्तव्यनिष्ठा और कार्यशैली की भी चर्चा रही। कम समय में उन्होंने कई आपराधिक मामलों के अनुसंधान एवं निष्पादन में प्रभावी भूमिका निभाई और कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सक्रिय रहे।
थाना प्रभारी के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और आम लोगों की शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता दी। उनकी कार्यशैली और आम लोगों के साथ संवाद के कारण उन्होंने कम समय में ही नगरवासियों के दिल में अपनी जगह बना ली। थाना से विदाई के दौरान उनके कार्यकाल को लेकर पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों में चर्चा रही।
पुलिसकर्मियों ने नए थाना प्रभारी का किया स्वागत
पदभार ग्रहण के मौके पर रमना के नवनियुक्त थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक, अमित प्रशांत, उपेंद्र सिंह, संजय महतो, संजय पासवान, लोकेश कुमार, पुलिसकर्मी कौशल दुबे, अविनाश शुक्ला सहित कई पुलिसकर्मी उपस्थित थे।







