
जमशेदपुर। शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर टाटा स्टील के वरीय अधिकारियों तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की मौजूदा यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में लेफ्ट फ्री व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट की स्थिति, डिवाइडर एवं स्लाइडर, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षात्मक इंतजाम, व्यवस्थित पार्किंग, ट्रैफिक सिग्नल और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक कदमों पर विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा के जरूरी उपाय लागू करने पर जोर दिया। साथ ही, यातायात के दबाव वाले इलाकों में सड़क की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था और वाहनों की पार्किंग को व्यवस्थित करने की जरूरत पर भी चर्चा हुई।
बैठक में तय किया गया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म प्लान के तहत चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इनमें तत्काल प्रभाव से किए जा सकने वाले उपायों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विशेष रूप से आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए जरूरी त्वरित उपाय पूजा से पहले पूरा करने पर जोर दिया गया। प्रशासन और टाटा स्टील के संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ इन कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही गई।






