
चार बाइक से पहुंचे 8-10 युवकों ने ट्रक को रोका, चालक को नीचे उतारकर पीटा; ट्रक मालिक ने थाना में दिया आवेदन
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र में ट्रक का किस्त फेल होने एवं सीजर बताकर चालक से मारपीट करने और रुपये लूटने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार की रात करीब आठ बजे भवनाथपुर मोड़ के निकट इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर हुई। मामले को लेकर शनिवार को ट्रक मालिक ने नगर ऊंटारी थाना में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना के संबंध में ट्रक चालक मेराल थाना क्षेत्र निवासी पिंटू कुमार रवि ने बताया कि वह कांडी से सीमेंट लेकर गढ़वा जा रहा था। इसी दौरान चार मोटरसाइकिल पर सवार करीब आठ से दस युवकों ने ट्रक का पीछा किया। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास युवकों ने ट्रक को रोक लिया।
चालक के अनुसार युवकों ने ट्रक की किस्त फेल होने की बात कही और खुद को गाड़ी सीजर बताया। इसके बाद ट्रक को जब्त करने की बात कहते हुए चालक को नीचे उतारा गया। नीचे उतरते ही युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान चालक के पास रखे 5,250 रुपये भी छीन लिए गए। घटना के बाद चालक ने घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। इसके बाद युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद चालक ने शोर मचाया तभी वहां से सभी बदमाश फरार गए।
ट्रक मालिक खरौंधी थाना क्षेत्र के करिवाडीह गांव निवासी ललित कुमार सिंह ने थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने बताया कि 18 सितंबर की रात करीब आठ बजे उनका ट्रक जेएच-14-के-7841 कंडी से सीमेंट लेकर गढ़वा जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास सेलातीन खान नामक युवक समेत करीब आठ से दस लोगों ने कथित रूप से ट्रक को रोक लिया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ट्रक रुकवाने के बाद चालक के साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। चालक के साथ मारपीट होते देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद सभी आरोपित मौके से भाग गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर ऊंटारी पुलिस ने मौके और पूरे मामले की जानकारी ली। ट्रक मालिक ने थाना में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अविनाश राज ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली है। ट्रक मालिक द्वारा आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई गई है। आवेदन के आलोक में पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।







