
नारी तू नारायणी…प्रतिभा,नेतृत्व और आत्मविश्वास के सम्मान का बनेगा मंच
आकाश लोहार
गढ़वा
बेटी जब अपने सपनों को पंख देती है,तो सिर्फ उसकी जिंदगी नहीं बदलती,बल्कि उसके साथ पूरा परिवार,समाज और आने वाली पीढ़ियां भी आगे बढ़ती हैं,इसी सोच को मजबूत करने और बेटियों के भीतर छिपी प्रतिभा,आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को सामने लाने के उद्देश्य से गढ़वा में एक खास आयोजन होने जा रहा है,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गढ़वा के तत्वावधान में तेजस्विनी नारी तू नारायणी युवती सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है,सम्मेलन को लेकर अभाविप कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
26 सितंबर को सजेगा नारी शक्ति का मंच :- तेजस्विनी युवती सम्मेलन का आयोजन 26 सितंबर 2026, शनिवार को सुबह 10:30 बजे से बंधन मैरिज हॉल,नवादा मोड़,गढ़वा में किया जाएगा,सम्मेलन में जिले की छात्राओं,युवतियों और महिलाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए परिषद् कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार संपर्क एवं आमंत्रण अभियान चलाया जा रहा है,आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं,बल्कि बेटियों को उनकी क्षमता पहचानने और अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करने का एक प्रयास है।
प्रतिभाशाली महिलाओं का होगा सम्मान :- सम्मेलन की खास बात यह होगी कि इसमें प्रतिभाशाली महिला सम्मान एवं अभिनंदन समारोह भी आयोजित किया जाएगा,समाज के अलग अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा,मेहनत और योगदान से सकारात्मक भूमिका निभाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा,अर्थात यह मंच उन महिलाओं को सलाम करेगा,जिन्होंने अपनी मेहनत से न सिर्फ अपनी पहचान बनाई,बल्कि समाज को भी आगे बढ़ाने में अपना योगदान दिया है।
पोस्टर विमोचन के साथ तेज हुई तैयारी :- रविवार को कार्यक्रम को लेकर पोस्टर का विमोचन किया गया,इस दौरान कार्यक्रम संयोजक शिल्पा साक्षी ने सम्मेलन की जानकारी देते हुए कहा कि तेजस्विनी का उद्देश्य छात्राओं और युवतियों को अपनी प्रतिभा पहचानने,आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और सामाजिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है,उन्होंने कहा कि नारी शक्ति केवल सम्मान की हकदार नहीं,बल्कि समाज निर्माण की एक मजबूत आधारशिला है,युवतियों के भीतर नेतृत्व क्षमता,व्यक्तित्व विकास और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता पैदा करना इस सम्मेलन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
नारी तू नारायणी के संदेश के साथ आगे बढ़ेगा अभियान :- अभाविप का कहना है कि जब किसी बेटी को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है,तो उसका असर केवल उसके जीवन तक सीमित नहीं रहता,एक आत्मविश्वासी बेटी परिवार को मजबूती देती है और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखती है,इसी विचार को केंद्र में रखते हुए नारी तू नारायणी की थीम पर यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है,आयोजकों के मुताबिक तेजस्विनी युवतियों के लिए ऐसा मंच बनेगा,जहां वे अपनी प्रतिभा,विचार और सपनों को साझा कर सकेंगी और आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा हासिल कर सकेंगी।
अधिक से अधिक सहभागिता की अपील :- अभाविप गढ़वा ने जिले की सभी छात्राओं,युवतियों और मातृशक्ति से इस विशेष सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है,परिषद् कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क कर सम्मेलन की जानकारी दी जा रही है और युवतियों को कार्यक्रम से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है,कार्यक्रम की तैयारियों और पोस्टर विमोचन के दौरान रागिनी कुमारी,आस्था तिवारी,रागिनी कुमारी सहित कई छात्राएं मौजूद रहीं,कुल मिलाकर,गढ़वा में होने वाला तेजस्विनी सम्मेलन बेटियों के सम्मान,उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को समर्पित एक ऐसा मंच बनने की तैयारी में है,जहां संदेश साफ होगा,बेटियों को अवसर दीजिए,वे अपनी पहचान खुद बना लेंगी।






