
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। चैंबर ऑफ कॉमर्स श्री बंशीधर नगर के सत्र अक्टूबर 2026 से सितंबर 2028 तक के लिए चुनाव की तिथि निर्धारित कर दी गई है। चुनाव को लेकर मंगलवार को शहर के गुलाब मेमोरियल मार्केट में स्थित चेंबर कार्यालय में मुख्य चुनाव पदाधिकारी उदय प्रकाश जायसवाल ने आयोजित प्रेसवार्ता कर दी। श्री जायसवाल ने बताया कि चुनाव में कुल 11 कार्यकारिणी सदस्यों का चयन मतदान के माध्यम से किया जाएगा। निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य ही अध्यक्ष, सचिव समेत अन्य पदाधिकारियों का चयन करेंगे। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से अनुमति ले ली गई है। चुनाव में कुल 626 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
उन्होंने बताया कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के लिए 26 से 27 सितंबर तक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्र का वितरण किया जाएगा। वही 28 सितंबर को शाम 7 बजे से रात 8 बजे तक नामांकन पत्र जमा लिए जाएंगे। इसके बाद 29 सितंबर को नामांकन वापसी की प्रक्रिया होगी।
30 सितंबर को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (छंटनी) की जाएगी। इसके अगले दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित करने के साथ मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्याशियों को 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक प्रचार-प्रसार का समय दिया गया है।
श्री जायसवाल ने बताया कि चुनाव की प्रक्रिया 7 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक संपन्न होगी। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतपत्रों की गिनती शुरू की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद विजयी 11 कार्यकारिणी सदस्यों के नामों की घोषणा की जाएगी। इधर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही चैंबर ऑफ कॉमर्स से जुड़े व्यवसायियों और संभावित प्रत्याशियों के बीच चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।
प्रेसवार्ता में डॉ धर्मचंद लाल अग्रवाल, शमीम खान, संजय कुमार कसेरा एवं ओम प्रकाश चौबे मौजूद थे।






