
मझिआंव (गढ़वा): मझिआंव थाना क्षेत्र के रानी ताली गांव में सात माह की गर्भवती ममता कुमारी (25) की मंगलवार को गढ़वा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता मुन्ना भुईयां ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर लंबे समय से मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
मुन्ना भुईयां के अनुसार, वर्ष 2020 में ममता की शादी विजय भुईयां से हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब दो महीने बाद से ही पति, सास, ससुर और देवर उसके साथ मारपीट करते थे। मामले को लेकर गांव के मुखिया की मौजूदगी में करीब चार बार पंचायत भी हुई थी। पंचायत में लिखित समझौता कर ममता के साथ भविष्य में मारपीट नहीं करने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बाद भी कथित रूप से प्रताड़ना जारी रही।
परिजनों का आरोप है कि करीब चार दिन पहले ममता के साथ फिर मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे गढ़वा सदर अस्पताल लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। बाद में एक निजी क्लीनिक में उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद पिता उसे अपने घर ले गए, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर सोमवार देर रात दोबारा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।





