
रांची: बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम अब डीप डिप्रेशन में बदल गया है। इसका असर अब झारखंड के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार को कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। बुधवार से बारिश का दौर तेज होने के साथ कई इलाकों में तेज हवा चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, 23 सितंबर को रांची, हजारीबाग, धनबाद, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, कोडरमा, बोकारो, गुमला, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की स्थिति बन सकती है।
इसके बाद 24 सितंबर को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, गुमला और खूंटी में भारी बारिश की संभावना है। मौसम का प्रभाव अगले दो दिनों तक भी बना रह सकता है। 25 और 26 सितंबर को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 27 और 28 सितंबर को भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।
बंगाल की खाड़ी के डिप्रेशन का असर
बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के कारण झारखंड में नमी का प्रवाह बढ़ने की संभावना है। इसके चलते राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान है। आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
इन जिलों में विशेष सतर्कता
भारी बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम समेत अन्य प्रभावित जिलों में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है। खासकर आंधी-गरज के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जाती है।





