
रांची: बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में पिछले दिनों बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 सितंबर को झारखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज, वज्रपात और तेज हवा का खतरा बना रहेगा। मौसम का असर अगले कई दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
आज पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
रांची मौसम विभाग ने 24 सितंबर को रांची, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला और खूंटी में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और बोकारो समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान है। बारिश के दौरान गरज-चमक और वज्रपात का खतरा बना रहेगा।
25 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी झारखंड में बढ़ेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। बारिश के साथ कई स्थानों पर गरज-वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
26 से 29 सितंबर तक गरज-वज्रपात का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 से 29 सितंबर के बीच झारखंड में बारिश के साथ गरज और वज्रपात का दौर जारी रह सकता है। इस अवधि में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
लगातार बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ और जलाशयों के आसपास रहने से बचें। बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से भी बचना सुरक्षित रहेगा।





