
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, चारों एक कार से जा रहे थे। इसी दौरान मरीन ड्राइव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने जताया शोक
घटना पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।






