
जमशेदपुर: शहर के व्यस्त बिष्टुपुर इलाके में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते चौथी मंजिल से धुएं के साथ आग की तेज लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए तत्काल मोर्चा संभाला। तकरीबन 3 घंटे तक आग से धधकता रहा।
जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना रात करीब 2:15 बजे सामने आई। LIC भवन के ठीक बगल में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की इमारत के सुरक्षा कर्मियों की नजर सबसे पहले आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए इसकी जानकारी LIC के अधिकारियों, जमशेदपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग और टाटा स्टील की दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। शुरुआती दौर में करीब चार दमकलों की मदद से आग को नियंत्रित करने के साथ-साथ उसे आसपास के इलाके में फैलने से रोकने पर जोर दिया गया। बिष्टुपुर का यह इलाका काफी व्यस्त और बाजार क्षेत्र से घिरा होने के कारण आग के फैलने का खतरा बना हुआ था।
चौथी मंजिल पर कॉन्फ्रेंस हॉल और कार्यालय में लगी आग
बताया जा रहा है कि जिस हिस्से में आग लगी, वहां LIC का कॉन्फ्रेंस हॉल और कार्यालय संचालित होता है। आग की वजह से इस हिस्से को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग से वास्तविक नुकसान कितना हुआ है, इसका आकलन फिलहाल नहीं किया जा सका है।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 4 बजे के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाने में सफलता हासिल की। इसके बाद भी मौके पर दमकल की टीम सतर्क रही, ताकि किसी तरह की दोबारा आग न भड़के।
बिल्डिंग में मौजूद थे दो कर्मचारी, सुरक्षित निकाले गए
घटना के वक्त LIC भवन के अंदर दो कर्मचारियों के मौजूद होने की जानकारी भी सामने आई है। आग की सूचना मिलते ही दोनों कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण और इससे हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना के बाद LIC के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया, लेकिन देर रात तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आग की वजह से भवन और कार्यालय के सामान को कितने रुपये का नुकसान हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, नुकसान का विस्तृत आकलन अगले दिन किया जाएगा।
फिलहाल दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी आग लगने के कारणों तथा नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।




