
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रांची से संबद्ध श्री बंशीधर नगर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-28 के चुनाव को लेकर व्यवसायिक नगरी में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। तीन साल के अंतराल के बाद हो रहे चुनाव में शहर के प्रमुख व्यवसायियों की सक्रियता बढ़ गई है। नामांकन पत्रों की बिक्री के बाद अब सोमवार को नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इस चुनाव में कुल 23 लोग नामांकन पत्र खरीदे हैं।
इसी क्रम में नामांकन पत्र खरीदने वाले श्री बंशीधर चैंबर टीम के 11 सदस्यीय कार्यकारिणी दावेदारों की बैठक रविवार देर शाम अनिकेत पैलेस में हुई। बैठक में चुनाव की तैयारियों और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। टीम के सदस्यों ने व्यवसायियों से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन मांगा।
बैठक में रवि प्रकाश, अशोक जायसवाल, वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, मनोज कुमार उर्फ मंटू, राकेश विश्वकर्मा, नीरज जायसवाल, रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू, अभिषेक कुमार उर्फ मिक्कू, वीरेंद्र प्रसाद अग्रहरि एवं अभय कुमार उर्फ मिंटू सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सोमवार की शाम करीब 6 बजे बस स्टैंड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से 11 सदस्यीय टीम एक साथ चैंबर कार्यालय के लिए रवाना होगी। इस दौरान रास्ते में दुकानदारों का अभिनंदन करते हुए टीम गुलाब मेमोरियल मार्केट स्थित चैंबर कार्यालय पहुंचेगी, जहां निर्धारित समय के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। नामांकन को लेकर टीम के सदस्यों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नामांकन दाखिल होने के बाद चुनावी मैदान की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
दो टीमों के बीच मुकाबले के संकेत
चैंबर चुनाव में अब तक नामांकन पत्रों की बिक्री के दौरान दो प्रमुख टीमों से जुड़े व्यवसायियों की सक्रियता सामने आई है। इससे चुनाव में मुकाबला दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं। दोनों पक्षों के संभावित प्रत्याशी व्यवसायियों से संपर्क साधने में जुटे हैं।
चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल होने के बाद 29 सितंबर को नाम वापसी और 30 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच तथा चुनाव चिह्न आवंटन किया जाएगा। इसके बाद 1 से 5 अक्टूबर तक प्रचार होगा। 7 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है।चुनाव में कुल 626 मतदाता 11 कार्यकारिणी सदस्यों का चयन करेंगे।
इस चुनाव में मतदाता सीधे अध्यक्ष या सचिव का चुनाव नहीं करेंगे। पहले 11 कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव होगा। इसके बाद निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य आपस में अध्यक्ष, सचिव समेत अन्य पदाधिकारियों का चयन करेंगे। ऐसे में कार्यकारिणी के 11 सदस्यों के चुनाव को लेकर व्यवसायियों की नजरें टिकी हुई हैं।







