Oplus_16908288
रंका CHC में स्वास्थ्यकर्मियों को मिला सम्मान
आकाश लोहार
गढ़वा
स्वास्थ्य सेवा सिर्फ दवाइयों और इलाज तक सीमित नहीं होती,बल्कि इसके पीछे उन स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत,जिम्मेदारी और समर्पण भी होता है,जो हर परिस्थिति में लोगों की सेवा के लिए खड़े रहते हैं,इसी सेवा भावना को सम्मान देने और स्वास्थ्य कार्यों की समीक्षा करने के उद्देश्य से मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,रंका में मासिक समीक्षा बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने की,इस दौरान रंका,रमकंडा एवं चिनिया प्रखंडों में पूरे माह संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई,विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति,कार्यों की स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी चिकित्सकों,एएनएम,फार्मासिस्,लैब टेक्नीशियन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को अपने अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन करने का निर्देश दिया,उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने और टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी को भावभीनी विदाई :- समीक्षा बैठक के दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला,रमकंडा में वर्षों तक स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुईं मुक्ति टोप्पो को शॉल ओढ़ाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया,इस दौरान स्वास्थ्य विभाग में उनके लंबे सेवाकाल और योगदान को याद किया गया,सहकर्मियों ने उनके कार्य और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी,सम्मान के इस पल में माहौल भावुक हो गया और उनके साथ बिताए सेवा के वर्षों की यादें सभी के बीच ताजा हो गईं।
बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सकों का भी सम्मान :- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रत्येक मासिक समीक्षा बैठक में सम्मानित करने की परंपरा के तहत इस बार डॉ. उत्कर्ष एवं डॉ. नीतिश को उनके सराहनीय कार्य, जिम्मेदारी और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया,स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐसे सम्मान का उद्देश्य बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों का उत्साह बढ़ाने के साथ साथ अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को भी अपने दायित्वों के प्रति प्रेरित करना है,बैठक में रंका,रमकंडा एवं चिनिया प्रखंडों के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे,वहीं जिला स्तर से DPM एवं DDM ने भी बैठक में भाग लिया।
मासिक समीक्षा बैठक ने जहां स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को परखने का अवसर दिया,वहीं सम्मान समारोह ने यह संदेश भी दिया कि स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती सिर्फ संसाधनों से नहीं,बल्कि उन लोगों की मेहनत और समर्पण से होती है,जो दिन रात समाज की सेवा में जुटे रहते हैं,यही मेहनत,यही समर्पण और यही टीम भावना बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की असली पहचान है।




