
झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा। भवनाथपुर के पुलिस निरीक्षक गुलाब सिंह के सेवानिवृत्त होने पर बुधवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय के सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता एसपी आशुतोष शेखर ने की। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने उनके लंबे एवं सराहनीय सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी। समारोह में एसपी आशुतोष शेखर ने सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक गुलाब सिंह को शॉल, मोमेंटो और बुके देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि लंबे सेवाकाल के दौरान गुलाब सिंह ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया। पुलिस सेवा में उनके योगदान की सराहना करते हुए एसपी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेवाकाल के अनुभव किए साझा
इस अवसर पर गुलाब सिंह ने पुलिस सेवा के दौरान के अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने सेवा के दौरान सामने आई चुनौतियों, खट्टे-मीठे अनुभवों और यादगार पलों को उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ साझा किया। अपने सहकर्मियों से मिले सम्मान और स्नेह के बीच कई भावुक क्षण भी देखने को मिले।
पुलिस पदाधिकारियों ने गुलाब सिंह की कर्तव्यनिष्ठा, सेवाभाव और समर्पण की सराहना करते हुए उनके सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय तक पुलिस सेवा में रहते हुए उन्होंने अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन किया।
समारोह में डीएसपी मुख्यालय यशोधरा, एसडीपीओ गढ़वा दिल्लू लोहरा, एसडीपीओ श्री बंशीधर नगर सत्येंद्र नारायण सिंह, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी गढ़वा सुनील कुमार, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी भंडरिया सुभाष कुमार पासवान, पुलिस निरीक्षक नगर ऊंटारी अंचल जितेंद्र कुमार आजाद, पुलिस निरीक्षक रंका अंचल अभिजीत गौतम, परिचारी प्रवर संदीप कुमार, जीपी सार्जेंट पंकज कुमार भारती, एमटी सार्जेंट सतपाल सिंह सहित पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी, जवान तथा एसपी कार्यालय एवं पुलिस केंद्र के पदाधिकारी व जवान मौजूद थे।




