
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में फोरलेन के बगल में स्थित मां तारा एक्वा के संचालक बृजलाल राम के घर गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को चाकू दिखाया और लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाश ने खुद को सेल्समैन बताकर घर में प्रवेश किया था। घटना के बाद दोनों बदमाश पल्सर बाइक से फोरलेन के रास्ते रमना की ओर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

पीड़िता संगीता देवी ने बताया कि घटना के समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। सुबह करीब 11 बजे एक युवक उनके घर पहुंचा और खुद को सेल्स मैनेजर बताते हुए अपना प्रोडक्ट दिखाने की बात कही। उन्होंने प्रोडक्ट लेने से इनकार करते हुए युवक को घर से जाने के लिए कहा, लेकिन वह काफी देर तक वहां रुका रहा और बाद में जेवर की सफाई करने की बात कही जब उन्होंने इसके लिए भी मना कर दिया तो युवक कथित रूप से जबरदस्ती करने लगा। इसी दौरान उसने अपने बैग से बड़ा चाकू निकालकर महिला को दिखाया और सारे जेवरात देने की धमकी दी। बदमाश ने जेवर नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। चाकू दिखाए जाने से भयभीत महिला ने अपने और परिवार की अन्य महिलाओं के गहने बदमाश को दे दिए। संगीता देवी ने बताया कि बदमाश उनकी मां चंद्रावती देवी के गले से मंगलसूत्र, उनके गले का लॉकेट और कान की बाली व टप्स तथा उनकी सास फूलमती देवी का कान का टप लेकर घर से निकल गया। जिसकी कीमत तकरीबन तीन से चार लाख रुपए की बताई जा रही है।
फोरलेन के पास पहले से खड़ा था दूसरा बदमाश
पीड़िता ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर से निकलकर फोरलेन के पास पहुंचा, जहां उसका दूसरा साथी पहले से पल्सर बाइक लेकर खड़ा था। जेवरात लेकर पहुंचते ही दोनों बाइक पर सवार हुए और फोरलेन के रास्ते रमना की ओर फरार हो गए। लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके।
संगीता देवी ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने नगर ऊंटारी थाना पहुंचकर शिकायत की। जहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने पहले आवेदन देने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद पीड़ित महिला ने वहां से लौटकर घर आ गई जिसके बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। शिकायत करने के बाद करीब दो घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद नगर ऊंटारी थाना के एसआई अमित प्रशांत घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़िता व परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली।
पुलिस ने घटनास्थल और वारदात से जुड़े बिंदुओं की जानकारी ली है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। दिनदहाड़े घर में घुसकर चाकू के बल पर हुई लूट की घटना से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी अविनाश राज ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी मिली है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जल्द सभी बदमाश पुलिस के गिरफ्त में होंगे।







