
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। जमीन के म्यूटेशन और अपडेशन के नाम पर कथित अवैध वसूली तथा फोन-पे के माध्यम से राशि लेने के आरोप में निलंबित रमना अंचल के सीआई दिवाकर सिंह पर विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई है। एसडीओ प्रभाकर मिर्धा ने उन्हें नोटिस जारी कर 23 अक्टूबर को अनुमंडल कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार दिवाकर सिंह वर्तमान में निलंबित हैं और उनका मुख्यालय भंडरिया अंचल कार्यालय निर्धारित किया गया है। अनुमंडल कार्यालय से जारी नोटिस के अनुसार डीसी गढ़वा के आदेश पर उनके विरुद्ध आरोप पत्र गठित किया गया है। यह मामला 20 मई 2026 को फेसबुक पर वायरल हुए एक वीडियो से जुड़ा है।
वीडियो में भूमि नामांतरण और अपडेशन के नाम पर कथित रूप से राशि लेने तथा काम नहीं होने पर राशि वापस करने की बात सामने आई थी। नोटिस में गिद्धी गांव निवासी संजय चंद्रवंशी की शिकायत का भी उल्लेख किया गया है। उनके अनुसार, भूमि नामांतरण और अपडेशन के लिए उनसे राशि ली गई थी।
एसडीओ बनाए गए संचालन पदाधिकारी
मामले की विभागीय जांच के लिए एसडीओ प्रभाकर मिर्धा को संचालन पदाधिकारी और रमना सीओ को प्रस्तोता पदाधिकारी बनाया गया है। विभागीय कार्रवाई के तहत दिवाकर सिंह को निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर कागजी साक्ष्य, स्पष्टीकरण और अपना लिखित बचाव बयान प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि वे निर्धारित तिथि को उपस्थित होकर अपना पक्ष नहीं रखते हैं, तो उपलब्ध अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर विभागीय कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। मामले में अब विभागीय जांच के दौरान आरोपों पर संबंधित पक्ष का जवाब और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






