
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में पिछले दो सप्ताह से लूट, चोरी और ठगी की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कभी ट्रक चालक को वाहन सीज करने का झांसा देकर लूटपाट, तो कभी चाकू के बल पर घर में घुसकर आभूषण लूटने और अब सेल्समैन बनकर महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने की घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है। लगातार हो रही घटनाओं के बीच बदमाशों तक पहुंचना और चोरी-लूटे गए आभूषणों की बरामदगी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
पिछले दो सप्ताह में थाना क्षेत्र में इस तरह की तीन बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा मामला चचेरिया गांव का है, जहां शुक्रवार की दोपहर बाइक सवार दो युवक सेल्समैन बनकर दुर्गेश प्रताप देव के घर पहुंचे। उस समय घर में महिलाएं ही मौजूद थीं।
पहले सामान दिखाया, फिर गहने साफ करने का दिया झांसा
जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों में से एक घर के अंदर गया और खुद को सेल्समैन बताते हुए घरेलू उपयोग का सामान दिखाने लगा। महिलाओं ने जब सामान लेने से इनकार कर दिया तो उसने गहने साफ करने की बात कही। महिला का विश्वास जीतने के लिए युवक ने पहले एक पायल लेकर उसकी सफाई की और उसे चमकाकर वापस कर दिया।
इसके बाद युवक ने दोबारा गहने साफ करने के लिए मांगे। महिला ने उसके झांसे में आकर अपने गले की सोने की चेन उसे दे दी। इसके बाद युवक ने पानी पीने के लिए मांगा। जैसे ही महिला पानी लेने के लिए अंदर गई, वह चेन समेत करीब चार से पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण लेकर घर से बाहर निकल गया। बाहर उसका साथी पहले से बाइक लेकर खड़ा था। दोनों बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और कार्रवाई की मांग की। दिनदहाड़े घर में प्रवेश कर इस तरह ठगी किए जाने से आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।
18 सितंबर को ट्रक चालक से हुई थी लूट
इससे पहले 18 सितंबर को भवनाथपुर मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक चालक को वाहन की किस्त जमा नहीं होने की बात कहकर गाड़ी सीज करने का झांसा दिया गया था। इसके बाद चालक के साथ लूटपाट की घटना सामने आई थी। मामले में ट्रक मालिक ने थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी।
चाकू दिखाकर घर में घुसकर लूटे थे लाखों के जेवर
वहीं 1 अक्टूबर को कोल्हुआ गांव में फोरलेन के किनारे बृजलाल राम के घर में दो बदमाश घुसे थे। बदमाशों ने महिलाओं को चाकू दिखाकर लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए और बाइक से फरार हो गए थे। इस घटना के ठीक बाद चचेरिया में सेल्समैन बनकर गहने लेकर फरार होने की घटना ने पुलिस की चुनौती और बढ़ा दी है।
इसके अलावा बिलासपुर और भोजपुर क्षेत्र में भी दुकानों में चोरी की घटनाएं सामने आने की जानकारी है। लगातार अलग-अलग तरीके अपनाकर अपराध को अंजाम देने से लोगों में यह चर्चा है कि इसके पीछे संगठित गिरोह की भूमिका हो सकती है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
गिरोह तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती
लगातार हो रही घटनाओं में बदमाशों द्वारा अलग-अलग तरीके अपनाए जाने से पुलिस के सामने आरोपितों की पहचान कर उन तक पहुंचने की चुनौती है। खासकर महिलाओं को निशाना बनाकर घर में प्रवेश करने और विश्वास हासिल करने के बाद आभूषण लेकर फरार होने की घटनाओं ने लोगों को सतर्क रहने पर मजबूर कर दिया है।

क्या कहते है एसडीपीओ
इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने कहा कि पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटनाओं से जुड़े बिंदुओं की जांच की जा रही है।







