
जमशेदपुर: पुरुलिया-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर बीती रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालती दांतीया गांव के समीप तेज रफ्तार के कहर ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए।
घर वापसी बनी आखिरी सफर
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले (नीमडीह थाना क्षेत्र) स्थित जुगिलंग गांव के तीन दोस्त—लोकेश गोप (26 वर्ष), शिवराम गोप (25 वर्ष) और स्वपन गोप एक ही बाइक पर सवार होकर बलरामपुर से अपने घर लौट रहे थे। सफर सामान्य चल रहा था, लेकिन मालती दांतीया गांव के पास अचानक सामने से आ रही अनियंत्रित चार पहिया गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों दोस्त सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही बलरामपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। आनन-फानन में तीनों को बांसगढ़ ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लोकेश गोप और शिवराम गोप को मृत घोषित कर दिया। तीसरे साथी, स्वपन गोप की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत पुरुलिया मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनकी मौत की खबर है।
रात होते ही ‘रेस ट्रैक’ बन जाता है यह मार्ग
स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना के बाद गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुरुलिया-जमशेदपुर मार्ग पर रात ढलते ही भारी और चार पहिया वाहन बेकाबू रफ्तार से दौड़ने लगते हैं। आए दिन यहां इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन गति नियंत्रण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और टक्कर मारकर फरार हुई गाड़ी की तलाश में जुट गई है।





