
आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
आकाश लोहार
गढ़वा
जिस शिक्षक के हाथों में बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी होती है,उसी शिक्षक पर जब एक नाबालिग छात्रा को स्कूल से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगे,तो सवाल सिर्फ एक छात्रा का नहीं,बल्कि शिक्षा के उस भरोसे का भी होता है, जिसे समाज शिक्षक के कंधों पर रखता है,गढ़वा जिले के मझिआंव से ऐसा ही एक मामला सामने आया है,जिसने मुखदेव 10+2 उच्च विद्यालय में हड़कंप मचा दिया,यहां 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा को शिक्षक द्वारा स्कूल से बाहर ले जाने के आरोप के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ,आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को बर्खास्त करने की मांग की और इस दौरान प्राचार्य समेत विद्यालय के अन्य लोगों को बंधक बनाए रखा,आरोपित शिक्षक की पहचान गणित शिक्षक रामक्रेश राम,उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है।
बताया गया कि बुधवार को करीब 10:30 बजे छात्रा ने पेट में दर्द होने की बात कहते हुए अपनी वर्ग शिक्षिका कुमारी सिमरन को छुट्टी का आवेदन दिया,इसके बाद वह स्कूल से बाहर निकल गई,इसी दौरान आरोप है कि शिक्षक रामक्रेश राम छात्रा को बाइक से अपने साथ लेकर चले गए,मामले में शिक्षक का कहना है कि छात्रा के पेट में दर्द था और वह उसे जड़ी बूटी से इलाज कराने के लिए ले जा रहे थे,लेकिन मामला उस वक्त गंभीर हो गया,जब करीब 17 किलोमीटर दूर ओखरगड़ा गांव के पास ग्रामीणों की नजर छात्रा और शिक्षक पर पड़ी,दोनों को साथ देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ और इसके बाद उन्हें वापस विद्यालय लाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मामले ने तूल पकड़ लिया,आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उसे बर्खास्त करने की मांग को लेकर विद्यालय में हंगामा किया,वहीं,मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रामक्रेश राम को गिरफ्तार कर लिया है,पुलिस के अनुसार,इस मामले में मझिआंव थाना कांड संख्या 96/2026 दर्ज किया गया है,आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है,पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया है।
अब इस पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है,एक ओर नाबालिग छात्रा की सुरक्षा और उसके भविष्य का सवाल है,तो दूसरी ओर शिक्षक पर लगे गंभीर आरोपों ने विद्यालय और समाज के भरोसे को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है,फिलहाल पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही इस पूरे मामले की सच्चाई पूरी तरह सामने आ सकेगी।



