
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। प्रखंड के जतपुरा गांव में शारदीय नवरात्र के अवसर पर दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी की जा रही है। बांकी नदी के तट पर स्थित नर्वदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में युवक संघ के तत्वावधान में मां दुर्गा सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित कर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, श्रद्धालुओं के लिए रविवार से नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा।
श्रीराम कथा के वाचन के लिए अयोध्या के सुप्रसिद्ध कथा व्यास जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री रत्नेशप्रपन्नाचार्य जी महाराज को आमंत्रित किया गया है। कथा का आयोजन प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक होगा। कथा का समापन 19 अक्टूबर को किया जाएगा।
युवक संघ के नवनीत कुमार शुक्ला ने बताया कि दुर्गा पूजा और श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को भव्य बनाने के लिए गांव के लोग अपने-अपने स्तर से सहयोग कर रहे हैं। पूजा पंडाल को आकर्षक रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के साथ श्रीराम कथा का भी आनंद ले सकें।
उन्होंने बताया कि श्रीराम कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा से जुड़ी प्रसंगों को सुनने का अवसर मिलेगा।
शारदीय नवरात्र और श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर जतपुरा गांव में अभी से भक्तिमय माहौल बना हुआ है। ग्रामीण दुर्गा पूजा और कथा आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।






