
गालूडीह/कोडरमा। झारखंड स्टेट सब-जूनियर एवं सीनियर जूडो प्रतियोगिता 2026-27 में पूर्वी सिंहभूम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। कोडरमा जूडो एसोसिएशन की ओर से 9 से 11 अक्टूबर तक सेंट जेवियर हाई स्कूल, कोडरमा परिसर में आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने कुल छह पदक अपने नाम किए। इनमें तीन रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड जूडो एसोसिएशन एवं झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के नेतृत्व में किया गया। इसमें रांची, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, पलामू, हजारीबाग और रामगढ़ समेत राज्य के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड जूडो एसोसिएशन के संरक्षक एवं पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी उपस्थित रहे।
तीन रजत और तीन कांस्य पदक जीते
पूर्वी सिंहभूम जिले के जूडो ट्रेनिंग सेंटर, गालूडीह के लगभग 13 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और मेहनत के दम पर बेहतर प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में मिठू रानी महतो, कक्षा 12, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय, बोड़ाम ने रजत पदक हासिल किया। वहीं, सीनियर वर्ग में मोनिका नाथ, खेल शिक्षक, स्वामी विवेकानंद गुरुकुलम तथा जसवीर कौर, इंस्ट्रक्टर इंचार्ज, बहरागोड़ा ने दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता।
इसके अलावा, प्रांती गौस्वामी, कक्षा 8, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जमशेदपुर; सुनीता महतो और सुप्रिया मंडी, दोनों कक्षा 8, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय, बोड़ाम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। गालूडीह स्थित बिना पानी ज्ञाननवोदय मॉडल पब्लिक स्कूल के छात्र आशीष पात्रा ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में मिली सफलता
खिलाड़ियों ने जूडो ट्रेनिंग सेंटर, गालूडीह के इंस्ट्रक्टर इंचार्ज सेंसेई प्रियव्रत दत्ता तथा पूर्वी सिंहभूम जूडो एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी अभिषेक के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से अभिभावकों, विद्यालयों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
एसोसिएशन की ओर से सफल खिलाड़ियों, उनके विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। एसोसिएशन ने कहा कि बच्चों को लगातार प्रोत्साहन और बेहतर प्रशिक्षण मिलता रहा, तो वे भविष्य में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी जिले और राज्य का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
विद्यालयों में जूडो प्रशिक्षण शुरू करने की अपील
पूर्वी सिंहभूम जूडो एसोसिएशन ने जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों से अपने परिसरों में जूडो प्रशिक्षण शुरू करने की अपील की है। एसोसिएशन ने आश्वस्त किया कि इस दिशा में संस्थानों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उद्देश्य क्षेत्र के अधिक से अधिक बच्चों को जूडो से जोड़ना और उन्हें राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है।




