
जमशेदपुर: डिमना स्थित प्रस्तावित अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) की चिन्हित 13 एकड़ जमीन पर कचरा डंपिंग का विवाद अब विकराल रूप लेता जा रहा है। वसुंधरा एस्टेट के समीप मानगो नगर निगम द्वारा डंप किए गए कचरे के ढेर में असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी, जिससे इलाके में भारी प्रदूषण और जहरीले धुएं के कारण जनस्वास्थ्य पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने तत्काल पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त (DC), MGM थाना और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (JSPCB) को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
स्थानीय लोगों के प्रयास से टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही सौरभ विष्णु अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय निवासियों के सहयोग से आग पर काबू पाया। समय रहते उठाए गए इस कदम से एक बड़ा अग्निकांड होने से टल गया, हालांकि कचरे से उठे घने धुएं ने पूरे आवासीय इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
जहरीली गैसों से सांस लेना दूभर, त्योहारों के बीच बढ़ा संकट
प्रशासन को चेताते हुए सौरभ विष्णु ने कहा कि खुले में कचरा जलाए जाने से कार्बन मोनोऑक्साइड और मीथेन जैसी अत्यधिक विषैली गैसें हवा में घुल रही हैं।
“त्योहारों का समय है, लोग अपने घरों में परिवारों के साथ धार्मिक अनुष्ठान और पर्व मना रहे हैं। ऐसे में जहरीले धुएं से बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों की जान पर बन आई है। प्रशासन को इस स्थिति को हल्के में नहीं लेना चाहिए।”
— सौरभ विष्णु, अध्यक्ष, जन विकास मंच
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और पेट्रोलिंग की मांग
सौरभ विष्णु ने MGM थाना प्रभारी से मांग की है कि डिमना और वसुंधरा एस्टेट के आसपास असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) तुरंत बढ़ाई जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण हजारों नागरिकों को प्रदूषण और स्वास्थ्य संकट के हवाले नहीं छोड़ा जा सकता; यदि समय रहते डंपिंग और आगजनी पर स्थायी रोक नहीं लगाई गई, तो स्थिति कभी भी अनियंत्रित हो सकती है।




