
रांची। राजधानी के दुर्गा बाड़ी मंदिर में विजयादशमी के अवसर पर दशमी पूजा धूमधाम से संपन्न हुई। सुबह 6:51 बजे से सभी श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की दशमी पूजा की। पूजा के बाद सुबह 9:30 बजे से महिलाओं ने मां को सिंदूर अर्पित कर सिंदूर खेला शुरू किया।
सिंदूर खेला के आयोजन में मेघा गोप, शर्मिला घोष, अपर्णा घोष, अन्नू घोष और शाश्वती बनर्जी की भूमिका महत्वपूर्ण रही। इनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में बंगाली समाज की महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। ढाक की थाप और शंख ध्वनि के बीच महिलाएं एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख-समृद्धि की कामना करती नजर आईं।
शाम 5:30 बजे मां दुर्गा की प्रतिमा को शोभायात्रा के साथ लाइन टैंक तालाब ले जाया गया, जहां विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। तालाब पर हजारों की संख्या में बंगाली समाज के लोग विसर्जन देखने के लिए जुटे थे।
मां की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं ने अगले बरस फिर आने की कामना के साथ जयकारे लगाए। सभी कार्यक्रम हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए।



