Security Breach In Parliament:- संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने का मास्टरमाइंड, ललित झा ने गुरुवार की देर रात दिल्ली पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। आरोपी ललित झा, महेश नाम के एक शख्स के साथ कर्तव्य पथ थाने पहुंचा और दोनों ने वहां सरेंडर किया। पुलिस ने दोनों को स्पेशल सेल को सौंप दिया है। अभी ये साफ नहीं है कि महेश नाम का शख्स कौन है और उसका संसद में घुसपैठ से कोई लेना-देना है या नहीं।इसके साथ ही इस घटना से जुड़े सभी 6 आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं।
संसद पर 2001 में किए गए आतंकी हमले की बरसी के दिन बुधवार को सुरक्षा में सेंधमारी की बड़ी घटना सामने आई थी। दोपहर करीब एक बजे जब लोकसभा की कार्यवाही चल रही थी, तब दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के अंदर कूद गए और सांसदों की बैठने की जगह पर दौड़ते नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपने जूते में छिपाकर लाए स्मोक स्प्रे ‘केन’ के जरिए पीले रंग का धुआं भी स्प्रे किया। घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया। जिसमें से एक आरोपी की सांसदों ने मिलकर पिटाई भी की थी। इस घटना के कुछ देर बाद ही पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ने वाली ‘केन’ लेकर संसद भवन के बाहर प्रदर्शन करने वाले एक पुरुष और एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया। हमले से पहले ललित झा ने सभी के मोबाइल फोन से सारे सबूत मिटाए थे। इसके बाद वह चार आरोपियों के मोबाइल लेकर फरार हो गया था।पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी ललित झा ने चारों आरोपियों की ओर से घटना को अंजाम देने के बाद इससे संबंधित एक वीडियो अपने एनजीओ पार्टनर को भेजा था।