स्वामी विवेकानंद जी का जीवन हमें आत्मविश्वासी एवं समर्पित होकर राष्ट्र को और सशक्त बनाने हेतु कार्य करने के लिए प्रेरित करता है – राज्यपाल

On: January 12, 2024 6:07 PM

---Advertisement---
झारखंड वार्ता न्यूज़
रांची:- माननीय राज्यपाल श्री सी०पी० राधाकृष्णन ने आज विकास भारती बिशुनपुर द्वारा आरोग्य भवन परिसर, रांची में आयोजित ‘जनजातीय युवा कला एवं सांस्कृतिक समागम 2024’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन हमें आत्मविश्वासी एवं समर्पित होकर राष्ट्र को और सशक्त बनाने हेतु कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। विकास भारती विगत 41 वर्षों से जनजातियों के उत्थान की दिशा में लगातार कार्य करता आ रहा है, इसके लिए संस्था सराहना के पात्र हैं। इस संस्थान ने शिक्षा, रोजगार, महिला स्वावलंबन, कौशल विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया है।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि जनजातीय समुदाय प्रकृति प्रेमी होते हैं। वे जड़ी-बूटियों के बारे में बहुत कुछ जानते हैं। पारंपरिक कौशल उनकी विरासत का हिस्सा है, आवश्यकता है उनके पारंपरिक कौशल को और भी तराशने की। झारखंड खनिज संपदा के मामले में सबसे अव्वल राज्य है। हम इस संसाधन का उपयोग कर एवं साझा प्रयास कर इसका समग्र विकास कर सकते हैं। इसके लिए युवा शक्ति को भी आगे आना होगा। माननीय प्रधानमंत्री जी का मानना है कि समग्र विकास की अवधारणा तभी फलीभूत होगी जब सुदूरवर्ती गांवों में रहने वाले लोगों का आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास होगा। उन्होंने कहा कि हमलोगों के लिए गर्व की बात है की आदिवासी समाज की एक महिला राष्ट्रपति पद को सुशोभित कर रही हैं। राज्य के जनजातियों के विकास के लिए माननीय जनजातीय कार्य एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार श्री अर्जुन मुंडा जी द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने 85 से अधिक एकलव्य विद्यालय झारखंड को दी है।
राज्यपाल महोदय ने विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया एवं असुर जनजातीय द्वारा लोह निर्माण की कला को भी देखा।