राष्ट्रिय

ठाणे की केमिकल फैक्ट्री में बाॅयलर फटने से 11 लोगों की मौत, 60 से अधिक घायल

ख़बर को शेयर करें

झारखंड वार्ता न्यूज

महाराष्ट्र: ठाणे जिले के डोंबिवली में एक केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार, 23 मई की दोपहर को बॉयलर फटने से एक बड़ा धमाका हुआ, जिसके बाद आग लग गई। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। फैक्ट्री में हुए धमाके की आवाज लगभग तीन किलोमीटर तक सुनी गई। यह धमाका इतना तेज था कि आसपास की इमारतों में दरारें आ गई हैं। वहीं कई घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। हादसे के मुख्य कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

वहीं अधिकारियों के अनुसार, मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है, उन्हें संदेह है कि क्षतिग्रस्त फैक्ट्री के परिसर में और शव पड़े हो सकते हैं। मलबा हटाने का काम जारी है। आसपास के कारखानों में काम करने वाली कई महिलाओं सहित 64 लोग इस हादसे में घायल हो गए और कम से कम छह अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज किया जा रहा है।

डोंबिवली और आसपास के लगभग 4 किमी के क्षेत्र में जले हुए केमिकल की तेज दुर्गंध और सड़कों, दुकानों और घरों पर धुएं की परत दिखाई दी। अधिकतर लोगों ने दुर्गंध से बचने के लिए मास्क का सहारा लिया।

ठाणे पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक मलय मेहता और उनकी पत्नी मालती मेहता पर लापरवाही, गैर इरादतन हत्या आदि से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत भी आरोप लगाए हैं।

प्राथमिकी में कहा गया है कि कंपनी ने यह जानते हुए भी रसायनों के मिश्रण बनाने, अंतिम उत्पाद बनाने और उनके भंडारण को लेकर सावधानी नहीं बरती कि किसी भी प्रकार की चूक से विस्फोट हो सकता है और इससे कंपनी एवं उसके आसपास की संरचनाएं प्रभावित हो सकती है और उन्हें नुकसान पहुंच सकता है।

इसमें कहा गया है कि ये चूक होने के कारण गुरुवार को विस्फोट हुआ, जिसकी वजह से कारखाने के परिसर और आसपास स्थित कंपनी परिसरों में लोगों की मौत हुई। इसमें कहा गया है कि विस्फोट इतना जोरदार था कि इससे घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और कारखाने के आसपास खड़ी कारों, सड़कों और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचा।

Avatar photo

Satyam Jaiswal

सत्यम जायसवाल एक भारतीय पत्रकार हैं, जो झारखंड राज्य के रांची शहर में स्थित "झारखंड वार्ता" नामक मीडिया कंपनी के मालिक हैं। उनके पास प्रबंधन, सार्वजनिक बोलचाल, और कंटेंट क्रिएशन में लगभक एक दशक का अनुभव है। उन्होंने एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से शिक्षा प्राप्त की है और विभिन्न कंपनियों के लिए वीडियो प्रोड्यूसर, एडिटर, और डायरेक्टर के रूप में कार्य किया है। जिसके बाद उन्होंने झारखंड वार्ता की शुरुआत की थी। "झारखंड वार्ता" झारखंड राज्य से संबंधित समाचार और जानकारी प्रदान करती है, जो राज्य के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है।