गढ़वा: झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष तनवीर आलम के नेतृत्व में झामुमो नेताओं ने चिनिया रोड, नाहर चौक से समाहरणालय तक अधिकार मार्च निकालकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तत्पश्चात समाहरणालय के समक्ष मार्च धरना में तब्दील हो गया।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार एक आंख में सुरमा तो दूसरे आंख में काजल की तरह व्यवहार कर रही है। गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ लगातार भेदभाव रवैया अपनाई हुई है। केंद्र सरकार झारखंड के बकाया 1 लाख 37 हजार करोड़ रुपए रॉयल्टी का पैसा रोककर रखी हुई है, साथ ही राज्य का 8 लाख प्रधानमंत्री आवास योजना का पैसा रोककर रखी हुई है। विगत दिनों खेलो इंडिया के तहत देश के सभी राज्यों को राशि आवंटित की गई जिसमें झारखंड को मात्र 9 करोड़ रूपए प्रदान किया जाएगा। जबकि खेल के क्षेत्र में झारखंड का हमेशा उम्दा प्रदर्शन रहा है।

तीरंदाजी के क्षेत्र में दीपिका कुमारी, हॉकी में सलीम टेटे, निक्की प्रधान, तीरंदाजी टीम स्पर्धा में मेडल लाने वाली अंकित भगत, कोमोलिका बारी, शूटिंग में उत्कर्ष सिंह, क्रिकेट के क्षेत्र में महेंद्र सिंह धोनी, इशान किशन सहित अनेकों खिलाडियों ने विश्व पटल पर बेहतर प्रदर्शन किया है। फिर भी झारखंड से खराब प्रदर्शन करने वाले राज्य को खेलो इंडिया के तहत ज्यादा पैसा दिया गया है। केंद्र सरकार के दोहरी नीति से झारखंड की जनता का हक अधिकार लूटा जा रहा है, दूसरी तरफ भाजपा के सांसद-विधायक हाथ में चूड़ियां पहनकर और आंखों में पट्टी बांधकर केंद्र सरकार से झारखंड का हक अधिकार मांगने के बजाय मौन व्रत रख चुप्पी साधे हुए हैं।














