---Advertisement---

सरहुल और रामनवमी को लेकर प्रशासन सख्त, विद्युत और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा

On: March 29, 2025 12:21 PM
---Advertisement---

रांची: आगामी सरहुल पर्व और रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और ट्रैफिक प्रबंधन समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा की गई।

बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में सरहुल और रामनवमी जुलूस मार्ग पर विशेष ध्यान देते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कहीं भी खुले बिजली के तार न रहें। जुलूस समाप्त होने तक बिजली आपूर्ति बंद रखने और मॉनिटरिंग के बाद ही बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए माइक्रो लेवल मॉनिटरिंग टीम तैनात की जाएगी।

मेडिकल टीम रहेगी तैनात

जुलूस के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम और एम्बुलेंस पूरे मार्ग पर तैनात रहेगी। इसके अलावा, प्रमुख स्थानों पर मेडिकल कैंप भी लगाए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सके।

शहर में होगी विशेष साज-सज्जा और सांस्कृतिक कार्यक्रम

सरहुल पर्व के अवसर पर जिला प्रशासन शहर के प्रमुख मार्गों को सजाने की योजना बना रहा है। इस दौरान झारखंड की संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। साथ ही, ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी तैयार किया गया है ताकि किसी भी तरह की बाधा न हो।

निजी कंपनियों को दिए गए निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने सभी सरकारी और निजी मोबाइल कंपनियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने मोबाइल और इंटरनेट केबल को व्यवस्थित करें। अगर कंपनियां निर्धारित समय तक ऐसा नहीं करती हैं, तो प्रशासन उन पर कार्रवाई करेगा।

जनता से सहयोग की अपील

रांची जिला प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए किसी भी समस्या के लिए अबुआ साथी हेल्पलाइन नंबर (9430328080) जारी किया है।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरहुल और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है।

Satyam Jaiswal

सत्यम जायसवाल एक भारतीय पत्रकार हैं, जो झारखंड राज्य के रांची शहर में स्थित "झारखंड वार्ता" नामक मीडिया कंपनी के मालिक हैं। उनके पास प्रबंधन, सार्वजनिक बोलचाल, और कंटेंट क्रिएशन में लगभक एक दशक का अनुभव है। उन्होंने एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से शिक्षा प्राप्त की है और विभिन्न कंपनियों के लिए वीडियो प्रोड्यूसर, एडिटर, और डायरेक्टर के रूप में कार्य किया है। जिसके बाद उन्होंने झारखंड वार्ता की शुरुआत की थी। "झारखंड वार्ता" झारखंड राज्य से संबंधित समाचार और जानकारी प्रदान करती है, जो राज्य के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है।

Join WhatsApp

Join Now