9 जुलाई को भारत बंद: 25 करोड़ कर्मचारियों की हड़ताल, जानें क्या खुला रहेगा और क्या नहीं?

On: July 8, 2025 10:41 AM

---Advertisement---
Bharat Bandh: कल यानी 8 जुलाई को देशभर में ट्रेड यूनियनों ने भारत बंद का आह्वान किया है। बुधवार को देश भर में 25 करोड़ से ज्यादा श्रमिकों के देशव्यापी हड़ताल या भारत बंद में भाग लेने की उम्मीद है। 9 जुलाई को देशभर के बैंकों में कामकाज नहीं होगा। बीमा ऑफिसों में भी काम ठप रहेगा। पोस्ट ऑफिस में कर्मचारी काम नहीं करेंगे। 10 सेंट्रल ट्रेड यूनियनों के गठबंधन द्वारा बुलाई गई हड़ताल का उद्देश्य केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करना है।
10 सेंट्रल ट्रेड यूनियन, उनके सहयोगी संगठन, बैंकिंग, इंश्योरेंस, पोस्टल, कोल माइनिंग,हाईवे, कंस्ट्रक्शन, स्टेट ट्रांसपोर्ट सब हड़ताल पर हैं। अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ, बंगाल प्रांतीय बैंक कर्मचारी संघ, भारतीय बैंक कर्मचारी महासंघ (बीईएफआई) AITUC, HMS, CITU, INTUC, AIUTUC, TUCC, SEWA, AICCTU, LPF और UTUC इस हड़ताल में शामिल हैं।
इनके अलावा किसान और मजदूर भी इस देशव्यापी हड़ताल का हिस्सा हैं। कर्मचारी यूनियनों का कहना है कि उनकी 17 सूत्रीय मांगों पर सरकार की ओर से लगातार अनदेखी की जा रही है।
क्या खुला है, क्या बंद रहेगा?
इस हड़ताल से कई क्षेत्रों पर असर पड़ने की उम्मीद है। इनमें बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं, डाक विभाग, कोयला खनन और कारखाने, राज्य परिवहन सेवाएं, सरकारी कार्यालय शामिल हैं।
9 जुलाई को स्कूल, कॉलेज बस, रेलवे, मॉल, एयरपोर्ट, मार्केट, अस्पताल जैसी जरूरी सेवाएं और प्राइवेट ऑफिस खुले रहने की उम्मीद है। हालांकि, परिवहन संबंधी समस्याओं के कारण कुछ क्षेत्रों में कामकाज प्रभावित हो सकता है। ट्रेड यूनियनों और सहयोगी ग्रुप की ओर से कई शहरों में विरोध मार्च और सड़क प्रदर्शन किए जाने से सार्वजनिक बसें, टैक्सियां और ऐप-आधारित कैब सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे स्थानीय यात्रा और लॉजिस्टिक्स संचालन में देरी या रद्द होने की संभावना है।
9 जुलाई को देशव्यापी रेलवे हड़ताल की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, देश के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम की आशंका है, जिससे कुछ क्षेत्रों में ट्रेन सेवाएं बाधित हो सकती हैं या उनमें देरी हो सकती है।